मंगलवार, 20 जुलाई 2021

पॉर्न’ का खुला राज, कुंद्रा गिरफ्तार



अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनसमैन राज कुंद्रा को सोमवार रात को मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। राज पर अश्लील फिल्में बनाने और उनको पेड ऐप और वेबसाइट पर प्रसारित करने का आरोप है। अब खबर है कि इस मामले में राज के एक और साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी मिल रही है कि राज कुंद्रा से इसके गहरे संबंध है और वह भी पॉर्न फिल्में बनाने के धंधे में शामिल है।

बीती रात राज कुंद्रा को मुंबई पुलिस के क्राइम ब्रांच के प्रॉपर्टी सेल में लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। बता दें कि फरवरी 2021 में राज कुंद्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई थी। मुंबई क्राइम ब्रांच ने कहा है कि राज कुंद्रा इस पूरे मामले के मास्टर माइंड हैं। राज कुंद्रा और उनके ब्रिटेन में रह रहे भाई ने केनरिन नाम की एक कंपनी बनाई है, जिस पर पोर्न फिल्में दिखाई जाती हैं। फिल्मों के वीडियो भारत में शूट किए जाते थे और वी ट्रांसफर के जरिए उन्हें विदेश भेजा जाता था। राज कुंद्रा के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं।  

राज की गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पॉर्न फिल्में बनाने के आरोप में नेरुल इलाके से रायन जॉन थार्प नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रायन के खिलाफ मालवानी थाने में मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि रायन का कथित तौर पर राज कुंद्रा से संबंध है और वह भी पॉर्न फिल्में बनाने के धंधे में शामिल था।

क्राइम ब्रांच ने बताया है कि फरवरी 2021 में क्राइम ब्रांच ने मुंबई में अश्लील फिल्म बनाने और उन्हें कुछ ऐप्स पर दिखाने का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने पिछले सप्ताह भी दो एफआईआर दर्ज कर नौ लोगों को कथित तौर पर एक अभिनेत्री को अश्लील फिल्म के लिए न्यूड सीन सूट करने के लिए मजबूर करने के आरोप में गिरफ्तार किया। 

बताते चलें कि  ये कोई पहला मौका नहीं जब राज कुंद्रा विवादों में है, वह पहले भी कई विवादों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। अभिनेत्री पूनम पांडे ने भी राज कुंद्रा पर गंभीर आरोप लगाया था कि राज कुंद्रा और उनकी कंपनी ने गैर कानूनी तरीके से उनके वीडियो और तस्वीरों का इस्तेमाल किया है। इस हालिया मामले के तार भी पूनम के मामले से कहीं न कहीं जुड़े हुए लग रहे हैं। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें