उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम कल्याण सिंह की हालत अस्थिर है। वह लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई में भर्ती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कल्याण सिंह के रिश्तेदारों को बुलाया गया है। हालांकि अस्पताल की ओर से ताजा बुलेटिन नहीं जारी हुआ है। पीजीआई के निदेशक प्रफेसर आर. के. धीमान कल्याण सिंह के इलाज पर निगरानी रख रहे हैं। सांस लेने में तकलीफ और बढ़ने पर रविवार शाम से उन्हें 'नॉन इनवेसिव वेंटीलेशन' पर रखा गया है।
अस्पताल ने सोमवार साढ़े छह बजे कल्याण सिंह का हेल्थ बुलेटिन जारी किया था। बुलेटिन के अनुसार, पूर्व सीएम का स्वास्थ्य अस्थिर है और डॉक्टर पैनी नजर रख रहे हैं। शनिवार शाम को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद कल्याण सिंह की ऑक्सीजन थेरेपी शुरू कर दी गई है। पीसीएम, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी और एंडोक्रायोनोलॉजी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक कल्याण सिंह के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। 89 वर्षीय कल्याण सिंह को चार जुलाई को संक्रमण और नीम बेहोशी के कारण एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनका इलाज राम मनोहर लोहिया चिकित्सा संस्थान में किया जा रहा था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब तक कई बार उनका हालचाल लेने के लिए अस्पताल जा चुके हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी उनका हालचाल जाना। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी उनसे मिल चुके हैं। बुधवार को रक्षा मंत्री एक बार फिर लखनऊ में होंगे और वह कल्याण सिंह से मिलने अस्पताल जाएंगे। राजनाथ सिंह एक दिवसीय दौरे पर 21 जुलाई को लखनऊ पहुंच रहे हैं। लखनऊ महानगर अध्यक्ष मुकेश वर्मा व मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि राजनाथ सिंह बुधवार को 10.35 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। मल्टी लेवल पार्किंग के सामने स्थापित स्व. लालजी टंडन की प्रतिमा का प्रात: 11 बजे अनावरण करेंगे। इसके बाद एसजीपीजीआई में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश कल्याण सिंह से भेंट कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे।
कल्याण सिंह भाजपा के उन चंद नेताओं में से हैं, जिन्हें आज की सशक्त भाजपा के बनाने का श्रेय जाता है। कल्याण सिंह दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उन्हें 26 अगस्त 2014 को राजस्थान का राज्यपाल निर्वाचित किया गया था। जनवरी 2015 से हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बने। उन्हें कट्टरपंथी हिन्दुत्ववादी के रूप में जाना जाता है। बाबरी मस्जिद विध्वंस में उनका कार्य विवादों से घिरा हुआ है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें