मंगलवार, 20 जुलाई 2021

करीना के ‘बाइबिल’ पर थम नहीं रहा बवाल, जबलपुर में भी केस दर्ज


 

अभिनेत्री करीना कपूर  की किताब 'प्रेग्नेंसी बाइबिल' को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। टाइटल नेम पर ईसाई समाज के लोगों को आपत्ति है। जबलपुर में ईसाई समाज  के लोगों ने इसे लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। समाज के लोगों ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि टाइटल के जरिए ईसाई धर्म के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। समाज के लोगों ने किताब का टाइटल बदलने की मांग की है।

ईसाई समाज के लोगों करीना कपूर की किताब 'प्रेग्नेंसी बाइबिल' को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। समाज ने मध्यप्रदेश के जबलपुर के ओमती थाने में इसे लेकर लिखित शिकायत की है। साथ ही कहा है कि करीना कपूर ने टाइटल में बाइबिल का प्रयोग कर हमारी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम किया है। इसे जल्द से जल्द हटाया जाए। जबलपुर पुलिस ने ईसाई समाज से शिकायती आवेदन ले लिया है। पुलिस ने आवेदन की जांच शुरू कर दी है। ओमती थाने के टीआई ने कहा है कि हमें धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली एक शिकायत मिली है। इसे लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया है। उनके निर्देश पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, बीते दिनों ही करीना कपूर ने दूसरे बच्चे को जन्म दिया है। उन्होंने अपने प्रेग्नेंट होने पर किताब लिखी है। किताब का नाम प्रेग्नेंसी बाइबिल दिया है। इसे लेकर विवाद शुरू है। इसके अलावा देश के दूसरे राज्यों में भी करीना के खिलाफ पुलिस शिकायत हुई है। किताब में करीना ने अपनी दोनों प्रेग्नेंसी के दौरान क्या-क्या अनुभव किए, उनके बारे में लिखा है।

इसके पहले अल्फा ओमेगा क्रिस्चियन महासंघ के प्रेसिडेंट आशीष शिंदे ने मुंबई के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में करीना के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि किताब में पवित्र शब्द ‘बाइबिल’ का इस्तेमाल किया गया है, जिससे ईसाईयों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं हैं। ऑल इंडिया माइनॉरिटी बोर्ड ने भी ‘प्रेगनेंसी बाइबिल’ को लेकर अपनी नाराजगी जताई थी। बोर्ड के प्रेसिडेंट डायमंड युसुफ़ ने कानपुर में अपनी ये शिकायत मीडिया के सामने कही थी। साथ ही जल्द से जल्द किताब की लेखिका यानी करीना के खिलाफ़ शिकायत दर्ज कराने की बात भी कही थी।  


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें