किसान आंदोलन की आग पंजाब हरियाणा, दिल्ली से होते हुए महाराष्ट्र तक पहुंच चुकी है। सोमवार को कृषि कानून के विरोध में महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों के किसान मुंबई के आज़ाद मैदान पर आकर एकत्रित हो गए हैं। राज्य के अलग-अलग इलाकों से पैदल मार्च कर किसान मुंबई पहुंचे हैं। रैली का आयोजन अखिल भारतीय किसान सभा द्वारा किया गया है। संगठन ने जारी एक बयान में यह जानकारी दी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को एक ज्ञापन भी सौंपेगा। इसके पहले महाराष्ट्र के 21 जिलों के हजारों किसान शनिवार को नासिक जिले में इकट्ठे हुए और 180 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए मुंबई के लिए रवाना हो गए। इन किसानों का जन सैलाब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। बयान के मुताबिक मुंबई के लिए कूच करने वाले किसानों ने रात्रि विश्राम के लिए इगतपुरी के पास घाटनदेवी में पड़ाव डाला था। रविवार सुबह किसान कसारा घाट के रास्ते मुंबई के लिए रवाना हुए। कसारा घट तक निकाले गए सात किलोमीटर लंबे मार्च में कई महिला किसान भी शामिल हुईं। भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र (सीटू) से जुड़े इगतपुरी और शाहपुर तहसील के फैक्टरी कामगारों ने इन किसानों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। कल्याण-भिवंडी क्रासिंग पर भी किसानों का स्वागत किया गया और खाने के पैकेट वितरित किए गए। किसान मुलुंद जांच चौकी के रास्ते मुंबई में दाखिल हुए। यह ठाणे की ओर से मुंबई में प्रवेश करने का रास्ता है। विक्रोली के कन्नमवार नगर में वाम दलों से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद किसान आजाद मैदान की ओर बढ़ गए जहां पर वे संयुक्त शेतकार कामगार मोर्चा (एसएसकेएम) के बैनर तले आयोजित धरना प्रदर्शन् में शामिल होंगे जो गणतंत्र दिवस तक जारी रहेगा। जानकारी के अनुसार, रैली को पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री और राकांपा प्रमुख शरद पवार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहेब थोरात और शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे संबोधित करेंगे। इस दौरान किसानों एक प्रतिनिधिमंडल महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को ज्ञापन भी सौंपेगा। ये किसान दिल्ली में जारी किसान आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं और 26 जनवरी को यहां भी विरोध करने वाले हैं।
सोमवार, 25 जनवरी 2021
शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2020
मौत और बलात्कार के मैदान में ‘राज्य’ ही अभी झंडाबरदार, इसलिए खबरदार….
उत्तर प्रदेश के हाथरस में दलित युवती की गैंगेरप के बाद की गई हत्या के मामले से राजनीतिक पारा बढ़ गया है। सभी अपने-अपने हिस्से की तलाश कर रहे हैं। वहीं कुछ लोगों के लिए यह महज खबरें हैं, जिन्हें आज पढ़कर कल भुला दिया जाता है, लेकिन बलात्कार के बाद जिंदा रहने वाली महिलाएं जीवन भर उस दर्द से बाहर नहीं आ पातीं। और जो मर गईं, उनकी राख का उपयोग राजनीतिक दल अपनी आकांक्षा की इमारतों को खड़ी करने में करते हैं। यहां हुईं दो मौतों का जिक्र समीचीन लगता है, जिसे परोसने में टीवी चैनल व्यस्त हैं। एक तरफ अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत, और दूसरी तरफ हाथरस की दर्दनाक घटना। इन दोनों घटनाओं में ‘बाहुबली’ वे दोनों राज्य की सरकारें नजर आ रही हैं, जिनका इनसे सीधा वास्ता है-महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश। सुशांत प्रकरण में मौजूदा महाराष्ट्र सरकार जिस तरह सीना ताने खड़ी है, उसी तरह आदित्यनाथ योगी उत्तर प्रदेश में बड़े नेताओं को भी अपनी सरजमीं पर धोबीपाट पछाड़ रहे हैं। हार रही है, तो सिर्फ जनता। समझ में नहीं आता, औकात दिखाने की दिशा भूल की जा रही है अथवा पीड़ित को न्याय दिलाने की उत्कंठा या फिर ईमानदार जिद।
तो
क्या समझा जाए कि जाति-पाति पर क्षेत्रीयता की राजनीति करने वालों ने रण-कौशल की विधा
बदल दी है। केंद्र पर राज्य सरकारें भारी पड़ रही हैं, क्योंकि महाराष्ट्र में सुशांत
प्रकरण की जांच कर रही देश की नामी 4 संस्थाएं गूंगी हो गईं हैं। इन्हें यह बताने के
लिए कि आप जीवित हो, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे लोग प्रयास कर रहे हैं। परेशान कांग्रेसी
भी हैं, क्योंकि एक प्रदेश में वे भी सत्ता में सहभागी है, तो दूसरे प्रदेश में पैर
रख ही नहीं पा रहे हैं। जवाब पाने निकले थे बड़े नेता, तो जवाब ढूंढने पड़ रहे हैं, पर
लगातार ताल ठोंक रहे दोनों ही राज्यों में कुर्सी खींचकर बैठने वाले। बहरहाल देखते
हैं तमाशा, किसके तरकश में अभी कितने तीर हैं….
-----------------------------
शनिवार, 4 अप्रैल 2020
रात 9 बजे 9 दीप…
बुधवार, 18 जुलाई 2018
किस्मत फडणवीस के साथ
वर्ष 2017 में 25 मई का दिन फडणवीस भूल नहीं सकते। एक बड़ी दुर्घटना का शिकार होने से वह बच गए थे। दरअसल जिस हेलिकॉप्टर में वह सवार थे, उसकी लातूर में क्रैश लैंडिंग करानी पड़ी। पायलट की सूझबूझ के चलते वह और उनकी टीम के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित रहे। इस वर्ष फडणवीस एक बार फिर हादसे का शिकार होते-होते बचे। पायलट की सूझ-बूझ से कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। हेलिकॉप्टर में नितीन गडकरी भी थे। हेलिकॉप्टर की लैंडिंग मुंबई के समीप भयंदर स्थित एक स्कूल में होनी थी। पायलट जैसे ही लैंडिंग के लिए हेलिकॉप्टर नीचे लेकर आ रहा था, तभी उसे मैदान के आस पास तारों का जाल फैला हुआ दिखा। उसने तुंरत हेलिकॉप्टर को ऊपर किया और वापस आसमान में ले गया। इससे पहले सीएम औरंगाबाद के लिए एक हेलिकॉप्टर से रवाना हुए जो कि ओवरलोडिंग के कारण नासिक से उतरने के तुरंत बाद भूमि पर वापस आने पर मजबूर हो गया। कोई दो राय नहीं, फडणवीस पर ऊपर वाले की मेहरबानी हमेशा रही।
पार्श्व में जाएं तो किस्मत का खेल फडणवीस के हमेशा साथ रहा और महज 22 साल की उम्र में वह नागपुर स्थानीय निकाय से कॉरपोरेटर बन गए और 27 साल की आयु में 1997 में नागपुर के सबसे युवा मेयर चुने गए। कॉरपोरेटर से नागपुर के सबसे युवा मेयर बने देवेन्द्र फडणवीस महाराष्ट्र में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने राजनीतिक सीढ़ियां क्रमिक रूप से चढ़ी हैं। विधानसभा चुनाव में भाजपा के सबसे बड़े दल के रूप में उभरने के बाद मृदुभाषी और युवा नेता फडणवीस इस शीर्ष पद के लिए स्पष्ट रूप से पसंदीदा नेता बने। यहां तक कि पार्टी की प्रदेश कमेटी के कई नेताओं ने भी काफी लॉबिंग की। वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के भी विश्वस्त माने जाते हैं। चुनाव रैली में मोदी ने उनके लिए कहा था, ‘देवेन्द्र देश के लिए नागपुर का तोहफा हैं।’जनसंघ से जुड़े रहे और बाद में भाजपा के नेता बने दिवंगत गंगाधर फडणवीस के बेटे देवेन्द्र युवावस्था में ही राजनीति में उतर गए थे, जब वह 1989 में आरएसएस की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में शामिल हुए थे। गंगाधर को नागपुर के उनके साथी नेता और पूर्व पार्टी प्रमुख नितीन गडकरी अपना ‘राजनीतिक गुरु’ कहते हैं। हालांकि अपने गुरु के इस बेटे की उपलब्धि पर गडकरी को रस्क भी हुआ पर कभी कभी सामने नहीं आने दिया। फडणवीस के ‘राजनीतिक अश्वमेघ का घोड़ा’ सरपट दौड़ रहा है और हाशिए पर खड़े प्रतिद्वंद्वी उन्हें देखकर बस यही कह रहे हैं-किस्मत हो तो फडणवीस जैसी....।
:::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::
शुक्रवार, 7 अक्टूबर 2016
सोमवार, 11 जुलाई 2016
श्रीमान नरेंद्र मोदी जी
प्रधानमंत्री
नागमणि पाण्डेय
मंगलवार, 28 अक्टूबर 2014
देवेंद्र पर इतराया नागपुर
महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे देवेंद्र फड़णवीस ने नागपुर के पार्षद से यहां तक का सफर तय किया है। उन्होंने राजनीति में शुरूआती 90 के दशक में कदम रखा। वे उसी समय पार्टी से जुड़े थे। साल 1992 में देवेंद्र नागपुर के सबसे कम उम्र में पार्षद बने थे। उन्हें 21 साल की उम्र में ये पद संभालने का मौका मिला और लगातार दो बार उन्होंने ये कुर्सी संभाली। यही नहीं, वो देश में सबसे कम उम्र में मेयर बनने वाले लोगों की सूची में दूसरे स्थान पर है। फडणवीस 1997 में 27 साल की उम्र में नागपुर के मेयर बन गये थे। साल 1999 से चार बार लगातार महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य रहे हैं। साल 1992 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नागपुर अध्यक्ष बने और फिर 1994 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के स्टेट वाइस प्रेसिडेंट का पद संभाला। वर्ष 2001 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेशनल वाइस प्रेसिडेंट की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2010 में महाराष्ट्र भाजपा के सेक्रेट्री बने। इस प्रकार 2013 में महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष बन गए।
फडणवीस ने वर्ष 1986 में लॉ कॉलेज नागपुर से अपनी वकालत पूरी की थी। वो एबीवीपी के सदस्य भी थे। वकालत पूरी करने के बाद बिजनेस मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के साथ डीएसई, बर्लिन से प्रोजेक्ट मैनेजमेंट में डिप्लोमा कोर्स भी किया। फडणवीस का जन्म 1970 में नागपुर में हुआ था। उनके पिता जन संघ नागपुर से विधानपरिषद के सदस्य रहे हैं।
देवेंद्र फडणवीस को राजनीति विरासत में मिली। पिता गंगाधर राव फडणवीस नागपुर से एमएलसी थे। फडणवीस ने वार्ड स्तर से राजनीति शुरू की। बीजेपी में वार्ड संयोजक से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक बनने का सफर तय किया। महज 27 साल की उम्र में नागपुर के मेयर बन चुके थे। फडणवीस की पहचान पढ़े लिखे नेता की है। बजट पर एक किताब भी वे लिख चुके हैं।
44 साल के देवेंद्र फडणवीस की छवि जमीन से जुड़े तेज तर्रार नेता की है। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का करीबी माना जाता है। नागपुर की सभा में मोदी ने फडणवीस की खुल कर तारीफ की थी, मोदी ने फडणवीस को सक्रिय जनसेवक बताया था। वैसे फडणवीस की तारीफ उनके विरोधी भी करते हैं। चुनाव से ठीक एक दिन पहले महाराष्ट्र के पूर्व मुख्मयंत्री और कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने फडणवीस को मुख्यमंत्री पद का सबसे योग्य चेहरा बताया था।
महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बात के पक्के माने जाते हैं। वह मात्र 44 साल की उम्र में राज्य के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। वह जब 22 साल के थे, तभी पार्षद चुने गए थे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष फडणवीस को राज्य में जमीन से जुड़े नेता के तौर पर जाना जाता है।
शरद पवार के बाद फडणवीस महाराष्ट्र के दूसरे सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री होंगे। पार्टी के अंदर फडणवीस को अपनी बात पर टिके रहने वाले नेता के तौर पर और आर्थिक एवं वाणिज्यिक मामलों के विशेषज्ञ के तौर पर जाना जाता है।
फडणवीस ने प्रखर वक्ता के रूप में भी अपनी पहचान बनाई है। मराठा पहचान के इर्द-गिर्द सिमटी महाराष्ट्र की राजनीति में फडणवीस अपनी जातीय पहचान को दबाकर ही रखते हैं। फडणवीस का कहना है कि महाराष्ट्र इस तरह की चीजों से बाहर निकल चुका है। आज का युवा विकास और तरक्की चाहता है।
आरएसएस के गढ़ नागपुर में 1970 में जन्मे फडणवीस ने राजनीति में देर से प्रवेश किया, लेकिन पार्टी में उनकी तरक्की बेहद तेज रही। फडणवीस हालांकि कॉलेज में भाजपा की युवा इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से भी जुड़े रहे। उन्होंने अपने विधायक पिता गंगाधर आर फडणवीस और विदर्भ हाउसिंग क्रेडिट सोसायटी की निदेशक रहीं अपनी मां सरिता से राजनीति का ककहरा सीखा।
वक्तृत्व कला के धनी फडणवीस को कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन द्वारा 2002-03 में सर्वश्रेष्ठ सांसद चुना गया। भाजपा के एक नेता ने कहा है कि फडणवीस सभी का सम्मान करते हैं और उन्होंने किसी के साथ कोई गड़बड़ी नहीं की। वह अपने साथी पार्टी सदस्यों से सुझाव लेते हैं, लेकिन अपने विवेकानुसार ही काम करते हैं। वह बहुत ही धैर्यशील व्यक्ति हैं ।
फडणवीस को उनकी क्षमता देखते हुए 2013 के मध्य में पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वह सबसे कम उम्र में इस पद पर बैठे। फडणवीस के पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी ने मोदी लहर का पूरा लाभ उठाते हुए राज्य की 48 सीटों में से 23 पर जीत हासिल की। विधानसभा चुनाव के लिए मोदी की रैलियों के अतिरिक्त फडणवीस ने राज्य में 100 से अधिक चुनावी रैलियां कीं और पार्टी का बड़ा चेहरा बनकर उभरे।
सरकार, अब सरकार भी आपकी : अमरावती के चांदुर बाजार में नेताजी चौक स्थित मैदान पर तब चुनाव प्रचार के दौरान देवेंद्र फडणवीस ने अपने 20 मिनट के भाषण में कहा था कि देश के सीमापर देश की सुरक्षा के दौरान अब तक सीमा पर जितने जवान शहीद नहीं हुए, उससे ज्यादा विदर्भ के किसानों की आत्महत्या का आंकड़ा है। जिस तरह फसल को घास बर्बाद करता है, वैसा ही महाराष्ट्र को राष्ट्रवादी-कांग्रेस ने 15 साल में बर्बाद किया है। आसमानी संकट के बजाय सुल्तानी संकट के कारण ही महाराष्ट्र के किसानों ने आत्महत्या की है। विदर्भ के किसानों के लिए घोषित किये गए पैकेज का लाभ विदर्भ के किसानों के बजाय सत्ता धारियों ने ही लिया। 3 माह में 30 हजार करोड़ की बढ़ोत्तरी सिंचन व्यवस्था में की, ऐसे घोटालेबाज राज्य सरकार से हिसाब मांगा जाएगा। फड़णवीसजी अब सरकार आपकी है और हिसाब-किताब भी आपको ही लगाना है।
::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::